तीरंदाजी विश्व कप में भारतीय टीम का अभियान बिना पदक के समाप्त

Saturday, Aug 12, 2017 - 06:35 PM (IST)

र्बिलन: भारतीय तीरंदाजों का विश्व कप तीरंदाजी प्रतियोगिता के चौथे चरण में अभियान बिना पदक के खत्म हो गया क्योंकि पुरुष कंपाउंड वर्ग में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मैच में उसे आज जर्मनी से 225-227 से हार का सामना करना पड़ा। तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम में अभिषेक वर्मा, अमन सैनी और अमनजीत सिंह ने पहले दौर में 57 अंक बटोरे जिसमें जर्मनी का भी स्कोर समान रहा।

दूसरे दौर के बाद हेनरिक होर्नुंग, मार्सेल ट्राशेल और मार्कस लौबे की जर्मनी टीम ने 115-111 से बढ़त बना ली। तीसरे और आखिरी दौर में जर्मनी के तीरंदाजों ने छह में से चार पर दस अंक का निशाना लगाया। इस राउंड में भारतीय टीम ने 58 अंक जुटाये जो जीत के लिये काफी नहीं थे।

इस हार के साथ भारतीय टीम टूर्नामेंट में चौथे स्थान पर रही और जर्मनी को कांस्य पदक मिला।  इससे विश्व कप के चौथे चरण में भारतीय तीरंदाजी टीम को खाली हाथ लौटना पड़ेगा। शंघाई में विश्व के पहले चरण में भारतीय कंपाउंड टीम को एक स्वर्ण पदक मिला था जबकि अंताल्या में हुये दूसरे चरण के मुकाबले में टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था।  

Advertising