विश्व कप के लिए जूनियर पुरूष हॉकी टीम घोषित

Saturday, Nov 19, 2016 - 10:47 AM (IST)

नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने अगले महीने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में होने वाले हॉकी जूनियर वर्ल्ड कप के लिए भारतीय जूनियर पुरूष टीम की शुक्रवार को घोषणा कर दी। 

इस टीम में ड्रैग फ्लिकर और डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह शामिल हैं जिन्हें एफआईएच की तरफ से वर्ष 2016 के लिए राइजिंग स्टार ऑफ द ईयर के लिए नामांकित किया गया है। वह रियो ओलिंपिक में भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे थे। स्ट्राइकर और सुरजीत अकादमी से प्रशिक्षित मनदीप सिंह भी इस टीम में शामिल किए गए हैं।  

मनदीप रियो ओलिंपिक से पहले लंदन में खेली गयी एफआईएच चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की फॉरवर्ड लाइन का हिस्सा थे। उन्होंने कई मुश्किल मैचों में भारत को मैदानी गोलकर बढ़त दिलाई थी। इनके साथ अरमान कुरैशी, परविंदर सिंह, गुरजंत सिंह, अजीत कुमार पांडे और सिमरनजीत सिंह भी टीम में शामिल हैं।  डिफेंडर और ड्रैग फ्लिकर वरूण कुमार को भी शामिल किया गया है। उन्होंने वेलेंशिया में भारत की तरफ से सर्वाधिक गोल दागे थे। रियो ओलिंपिक में भारतीय टीम का हिस्सा रहे विकास दहिया भी टीम में शामिल किए गए हैं।  

Advertising