सफेद गेंद की जंग से पहले कोहली ने लाल गेंद पर आजमाए हाथ

Saturday, Jun 10, 2017 - 05:50 PM (IST)

लंदन: भारतीय टीम में कोई एेसा अन्य खिलाड़ी नहीं है जो अपनी बल्लेबाजी पर विराट कोहली से अधिक मेहनत करे। भारतीय कप्तान को आफ स्टंप से बाहर जा रही गेंदों पर कुछ परेशानी हो रही थी और इसलिए उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मैच से पहले आज यहां लाल ड्यूक गेंद से अभ्यास किया। कोहली बीच वाली नेट पर पहुंचे जहां पर क्षेत्ररक्षण कोच आर श्रीधर, थ्रोडाउन विशेषज्ञ राघवेंद्र और बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने उन्हें थ्रोडाउन पर अभ्यास कराया। 

बांगड़ इस बीच टेस्ट मैचों में उपयोग की जाने वाली लाल ड्यूक गेंद से थ्रोडाउन करा रहे थे। वनडे से पहले अमूमन लाल गेंद से बल्लेबाज अभ्यास नहीं करते हैं। लाल गेंद हवा में अधिक स्विंग होती है और इसलिए कोहली ने उस पर अभ्यास किया। सफेद गेंद अधिक स्विंग नहीं होती और अगर कोई स्विंग गेंदबाजी के सामने अयास करना चाहता है तो वह लाल गेंद का उपयोग करता है। श्रीधर और राघवेंद्र ने हालांकि सफेद गेंद से थ्रोडाउन किया।  

Advertising