IPLAuction 2016: सरप्राइज पैकेज रहे वाटसन, संजू, मोरिस, मोहित

Saturday, Feb 06, 2016 - 01:48 PM (IST)

बेंगलुरू: इंडियन प्रीमियर लीग के नौंवे संस्करण के लिए शनिवार को नीलामी प्रक्रिया में कई खिलाडिय़ों ने अपेक्षा के अनुसार कीमत हासिल की तो कई ऐसे रहे जिन्होंने अपने बेस प्राइस से इतर फ्रेंचाइजियों के पर्स से बड़ी कीमत हासिल करते हुए सभी को ‘सरप्राइज’ कर दिया। 

आस्ट्रेलियाई टीम में अपने आखिरी दिन गिन रहे आलराउंडर शेन वाटसन पर भले ही उनके राष्ट्रीय चयनकर्ता अब ज्यादा भरोसा न जता रहे हों लेकिन आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने दिखा दिया कि वाटसन पर वे अब भी भरोसा करते हैं। वाटसन को उनके बेस प्राइस दो करोड़ से 7.5 करोड़ रुपए की कीमत अधिक खर्च कर रायल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने खरीदा। वाटसन 9.5 करोड़ रुपए की भारी भरकम रकम पर बिके जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी।  

भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने भी अपने बेस प्राइस 1.5 करोड़ रुपए से कई गुना अधिक कीमत हासिल की। अभिनेत्री प्रीति जिंटा के सह मालिकाना हक वाली पंजाब ने मोहित को 6.5 करोड़ रुपए खर्च कर अपना बनाया। वहीं मात्र 50 लाख रुपए के बेस प्राइस वाले दक्षिण अफ्रीका के बालिंग आलराउंडर क्रिस मोरिस ने भी सबसे अधिक चौंकाया और दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन पर सात करोड़ रुपए खर्च कर दिए। विदेशी खिलाडिय़ों में ड्वेन स्मिथ(50 लाख बेस प्राइस) को कहीं अधिक 2.3 करोड़ रुपए में पदार्पण टीम गुजरात लायंस ने खरीदा। 

इसके अलावा कार्लोस ब्रेथवेट ने भी चौंकाने वाली कीमत हासिल की। ब्रेथवेट को दिल्ली ने 4.2 करोड़ रुपए में खरीदा जबकि उनका बेस प्राइस भी 50 लाख रुपए था। केवल 30 लाख रुपए के बेस प्राइस वाले काइल एबोट पर किंग्स इलेवन पंजाब ने 2.1 करोड़ रुपए खर्च किए। भारतीय खिलाडिय़ों में भी कई ‘सरप्राइज पैकेज’ रहे जिनमें केरल के युवा खिलाड़ी संजू सैमसन को अपने बेस प्राइस दो करोड़ से दोगुना कीमत मिली और वह 4.2 करोड़ रुपए में दिल्ली के पास गए। 

इसी तरह तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार को भी गुजरात ने अच्छी कीमत दी और वह 3.5 करोड़ रुपए की कीमत हासिल करने में कामयाब रहे जबकि उनका बेस प्राइस 50 लाख रुपए था। हालांकि हैरान करने वाली बात यह भी रही कि कई बड़े नामों पर फ्रेंचाइजियों ने खास भरोसा नहीं जताया और उन्हें उनके बेस प्राइस पर ही खरीदा। 

इनमें आलराउंडर इरफान पठान, स्टुअर्ट बिन्नी, धवल कुलकर्णी, आरपी सिंह, अभिमन्यु मिथुन प्रमुख थे। इरफान को पुणे सुपरजाइंट्स ने उनके बेस प्राइस एक करोड़ रुपए, बिन्नी को बेंगलुरू ने दो करोड़, धवल को गुजरात ने दो करोड़ और आर पी सिंह को पुणे ने 30 लाख  रुपए तथा मिथुन को सनराइजर्स हैदराबाद ने उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपए में ही खरीदा। 

Advertising