भारत 15 साल बाद बना जूनियर विश्व हॉकी चैंपियन

punjabkesari.in Monday, Dec 19, 2016 - 09:14 AM (IST)

लखनऊ: भारत के युवा तुर्कों ने गजब का प्रदर्शन करते हुए बेल्जियम को रविवार को 2-1 से पराजित कर 15 साल के लंबे अंतराल के बाद पुरुष जूनियर विश्व कप हॉकी चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर लिया। भारत ने एकमात्र बार 2001 में अर्जेंटीना का हराकर जूनियर विश्व कप जीता था। उसके 15 साल बाद भारतीय युवा टीम ने अपनी मेजबानी में विश्व कप जीतकर एक नया इतिहास बना दिया।

भारत को विजेता बनाने में गुरजंत सिंह और सिमरनजीत सिंह का बहुमूल्य योगदान रहा। गुरजंत ने आठवें मिनट में और सिमरनजीत ने 22 वें मिनट में मैदानी गोल कर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई। भारत ने अपनी इस बढ़त को आखिरी मिनट तक बरकरार रखा लेकिन 70 वें मिनट में फैब्रिस वान बॉकरिक ने पेनल्टी कार्नर पर गोल कर अपनी टीम की हार का अंतर ही कम किया। मैच समाप्त होने का जैसे ही हूटर बजा ,सभी भारतीय खिलाडिय़ों और कोच हरेन्द्र सिंह ने एक दूसरे को बधाई दे दी और पूरा स्टेडियम इस ऐतिहासिक जीत के जश्न से झूम उठा। भारतीय हॉकी को इस ऐतिहासिक लम्हे का लंबे समय से इंतजार था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News