हॉकी इंडिया ने मांगा ''सरदार'' मामले में 10 हफ्ते का समय

Thursday, Jun 23, 2016 - 10:18 AM (IST)

नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह पर लगे यौन उत्पीड़ऩ के आरोपों के मामले में दिल्ली महिला आयोग के नोटिस का जवाब देने के लिए 10 सप्ताह का समय मांगा है।  
 
 हॉकी इंडिया के कार्यकारी निदेशक आरके श्रीवास्तव ने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को बुधवार को भेजे गए अपने पत्र में कहा कि जैसा आपको विदित है कि भारतीय टीम लंदन में चैंपियंस ट्राफी में हिस्सा लेने के बाद स्पेन के वेलेंशिया में छह देशों के आमंत्रण हॉकी टूर्नामैंट में हिस्सा लेंगी। टीम फिर 4 जुलाई को स्वदेश लौटेगी और उसके बाद रियो ओलंपिक में भाग लेने के लिए ब्राजील रवाना हो जाएगी जहां से टीम 23 अगस्त को लौटेगी।
 
हॉकी इंडिया ने कहा कि जब टीम ब्राजील से लौट आएगी तो हम सभी तथ्यों की जांच करने के बाद आपके 14 जून के नोटिस का विस्तृत जवाब दे देेंगे। हम आपसे आग्रह करते हैं कि जवाब देने के लिए हमें 10 सप्ताह का समय दिया जाए और यह समय तब शुुरु होगा जब हमें आपसे वे सभी दस्तावेज मिल जाएंगे जिनका हमने आपसे आग्रह किया है।
 
श्रीवास्तव ने इस पत्र में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल से कहा कि हम यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली हॉकी इंडिया के सलाहकार नहीं है और किसी भी रूप में हॉकी इंडिया से जुड़े हुए नहीं है। हम आपकी राजनीतिक पृष्ठभूमि को जानते हैं कि आप आम आदमी पार्टी से जुड़ी हुई हैं। यह अच्छा होगा कि यदि राजनीति को दिल्ली महिला आयोग से बाहर रखा जाए और मामले को उसके तथ्यों पर ही देखा जाए। इसमें राजनीतिक बदले जैसी कोई भावना नहीं होनी चाहिए। 
Advertising