मुंबई ने आखिरी मिनट में पंजाब को हराया

punjabkesari.in Sunday, Feb 12, 2017 - 09:31 AM (IST)

चंडीगढ़:  राबर्ट केम्परमैन के आखिरी मिनट में किए गए मैदानी गोल से दबंग मुंबई ने जेपी पंजाब वारियर्स को शनिवार को 2-1 से पराजित कर हॉकी इंडिया लीग के 5वें संस्करण के सेमीफाइनल के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया।  

मुंबई की 8 मैचों में यह पांचवी जीत है और आखिरी मिनट में मिली इस जीत के बाद उसके 28 अंक हो गए हैं। मुंबई ने तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दूसरी तरफ पंजाब ने जीत हासिल करने का सुनहरा मौका गंवाया और उसे छह मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा। पंजाब के खाते में 17 अंक हैं।  

तेज गति से खेले गए इस मुकाबले में पहला हाफ गोल रहित बराबर रहा लेकिन तीसरे क्वार्टर में 37 वें मिनट में मिले पेनल्टी कार्नर पर वीरडेन वान डेर ने गोल करने में कोई गलती नहीं की और पंजाब को बढ़त दिला दी। पंजाब की यह बढ़त आखिरी मिनट तक बनी हुई थी लेकिन राबर्ट केम्परमैन ने इसी समय मैदानी गोल दाग कर पंजाब की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। मैदानी गोल पर दो गोल मिलने के प्रावधान के कारण मुंबई ने यह मैच जीत लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News