हीरो महिला पेशेवर गोल्फ टूर्नामेंट में वाणी की बढ़त बरकरार

Thursday, Mar 23, 2017 - 05:23 PM (IST)

पुणे: वाणी कपूर ने अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए आज यहां एक आेवर 72 का कार्ड खेला जिससे उन्होंने हीरो महिला पेशेवर गोल्फ टूर 2017 के दूसरे दिन भी अपनी बढ़त बनाये रखी। दिल्ली की वाणी कपूर ने तीसरे और पांचवें होल में बोगी की लेकिन इसके बाद उन्होंने छठे और सातवें होल में बर्डी बनायी। इसके बाद उन्होंने 14वें होल में फिर से बर्डी हासिल की लेकिन 17वें और 18वें होल में शाट गंवा बैठी। वाणी का स्कोर अभी इवन पार 142 है।  

पंचकुला की अमनदीप द्राल उनसे सात शाट पीछे दूसरे स्थान पर चल रही है। अमनदीप का कुल स्कोर 149 है। शर्मिला निकोलेट 151 के कुल स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर है। गुडग़ांव की गौरिका बिश्नोई और कपूरथला की गुरसिमर बदवाल 153 के समान स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं। चंडीगढ़ की सानिया शर्मा और दिल्ली की मेहर अटवाल का स्कोर 158 है और वे संयुक्त छठे स्थान पर है। श्वेता गलांडे और तृषा सुनील संयुक्त आठवें स्थान पर हैं।  

Advertising