गीता की नजरें अगले राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों पर

Monday, Apr 17, 2017 - 07:02 PM (IST)

इंदौर: अपने जीवन पर बनी फिल्म ‘दंगल’ से लोकप्रियता की बुलंदियों पर पहुंची पहलवान गीता फोगाट 2018 में होने वाले राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों को लक्ष्य बनाकर प्रशिक्षण में जुट गयी हैं। गीता ने यहां एक निजी स्कूल के कार्यक्रम के दौरान संवाददाताआें से कहा, ‘‘अगले राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के आयोजनों मेें केवल एक साल बाकी रह गया है। लिहाजा मैंने अपना प्रशिक्षण शुरू कर दिया है। महीने भर के भीतर मैं गहन प्रशिक्षण में जुट जाउंगी।’   

उन्होंने बताया कि वह अगली विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के चयन ट्रायल में भी हिस्सा लेंंगी। इस 28 वर्षीय पहलवान ने कहा, ‘‘अभी मेरा ध्यान अपने प्रशिक्षण पर केंद्रित है। हम पर बनायी गयी फिल्म की कामयाबी के बाद देशवासियों की हमसे (फोगाट बहनों से) उम्मीदें काफी बढ़ गयी हैं। 

देशवासी आेलंपिक खेलों और अन्य आगामी स्पर्धाआें में हमें पदक जीतते देखना चाहते हैं। इन उम्मीदों के कारण देश के प्रति हमारी जिमेदारी में इजाफा हुआ है।’’ गीता ने यह भी कहा कि वह कारपोरेट जगत की मदद से लड़कियों के लिये कुश्ती अकादमी खोलना चाहती हैं। 

Advertising