फीफा U-17 विश्व कप में फ्रांस ने न्यू कैलेडोनिया को 7-1 से रौंदा

Sunday, Oct 08, 2017 - 08:40 PM (IST)

गुवाहाटी: फ्रांस ने फीफा अंडर-17 विश्व कप में अपने अभियान का शानदार तरीके से आगाज करते हुये आज यहां खेले गए ग्रुप ई के मैच में न्यू कैलेडोनिया को 7-1 से करारी शिकस्त दी। अंतरराष्ट्रीय फुटबाल में मजबूत फ्रांस की टीम ने अंडर-17 विश्व कप में पहली बार खेल रहे न्यू कैलेडोनिया पर मैच की शुरुआत से ही दबाव बना लिया। फ्रांस ने सात में से छह गोल पहले हाफ में ही किया। मैच के पांचवें मिनट में ही न्यू कैलेडोनिया के बर्नार्ड इवा के आत्मघाती गोल से फ्रांस को बढ़त मिला।

20वें मिनट में अमिने गौउरि ने यासिने अदलि के पास को गोल में बदल दिया। 30वें मिनट में क्लाउडियो गोमेज ने गोउरि की मदद से तीसरा गोल दाग दिया। इसके तीन मिनट बाद गोउरि ने अपना दूसरा गोल कर फ्रांस को 4-0 से बढ़त दिला दी। फ्रांस ने ताबड़तोड़ गोल करने का सिलसिला जारी रखते हुये 40वे मिनट में 5-0 से आगे हो गया। इस बार मैक्सेंस काक्वीरेट ने अदलि की मदद से गोल किया।

पहले हाफ के 43वें मिनट में कियान वानेस्से ने फ्रांस के लिए एक और गोल कर दिया। मध्यांतर के बाद न्यू कैलेडोनिया की टीम फ्रांस को रोकने में काफी हद तक कामयाब रहने के साथ मैच के 90वें मिनट में सिद्रि वडेंगीज ने टीम के टीम के लिये विश्व कप का पहला गोल किया। हालाकिं मैच खत्म होने से ठीक पहले फ्रांस के स्थापन्न खिलाड़ी विल्सन इसिडोर की गोल से फ्रांस 7-1 की निर्णायक बढ़त बना ली। 

Advertising