प्रतिबंध के खिलाफ अपील हारे ब्लेटर

punjabkesari.in Monday, Dec 05, 2016 - 09:14 PM (IST)

लुसाने: अंतरराष्ट्रीय फुटबाल महासंघ (फीफा) के पूर्व अध्यक्ष सैप ब्लेटर सर्वाेच्च खेल अदालत कैस में उन पर भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद लगे छह वर्ष के प्रतिबंध के खिलाफ अपनी अपील सोमवार को हार गए। ब्लेटर ने खुद पर आचार संहिता के उल्लंघन के कारण लगे प्रतिबंध के खिलाफ अगस्त में कैस की खेल अदालत में अपील की थी। इस मामले पर कैस को आज अपना फैसला देना था और 80 वर्षीय ब्लेटर के हाथ नाकामी लगी। कैस ने एक बयान में कहा कि पैनल ने पाया है कि ब्लेटर ने फीफा की आचार संहिता का उल्लंघन किया है।   

ब्लेटर फुटबाल की वैश्विक संस्था के 17 वर्षाें तक प्रमुख रहे थे और उन्होंने गत वर्ष जून में इस्तीफा दे दिया था। फीफा ने गत दिसंबर में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद उनपर फुटबाल से जुड़ी सभी गतिविधियों से छह वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया था। उनके अलावा यूरोपियन फुटबाल के प्रमुख माइकल प्लातिनी पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। फीफा ने पहले आठ वर्ष के लिये प्रतिबंध लगाया था जिसे बाद में घटाकर छह वर्ष कर दिया गया था। 

ब्लेटर पर आरोप था कि 2011 में फीफा ने ब्लेटर की अनुमति से प्लातिनी को 19 लाख 80 हजार डॉलर का भुगतान किया था। कैस ने इस भुगतान को गिफ्ट बताया जिसके लिए कोई अनुबंध नहीं किया गया था। पैनल ने यह भी पाया कि ब्लेटर ने प्लातिनी को फीफा कार्यकारी समिति की रिटायरमेंट योजना के तहत कई भुगतान किए थे। ब्लेटर और प्लातिनी दोनों ने इन आरोपों से इन्कार किया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News