पहली बार विश्व कप फाइनल में खेल रहे दो निशानेबाजों को पदक

Saturday, Oct 28, 2017 - 07:19 PM (IST)

नई दिल्ली: पहली बार आईएसएसएफ विश्व कप में हिस्सा ले रही जर्मनी की जोलिन बीयर और इटली की एलेसिया लेजी ने आज यहां पदक जीते। जोलिन ने यहां डा. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में स्वर्ण पदक जीता जबकि एलेसिया ने महिला ट्रैप में सोने का तमगा अपने नाम किया। जोलिन ने शीर्ष राइफल निशानेबाजी और पूर्व ओलंपिक पदक विजेता क्रोएशिया की सेजाना पेचिक को 45 शाट के फाइनल में हराया। जोलिन ने 459.9 जबकि सेजाना ने 457.5 अंक जुटाए।

चीन की यिवेन झांग को कांस्य पदक के प्ले आफ में हराकर सेजाना ने सोने के तमगे के लिए खेलने का हक पाया। आठ महिलाओं के फाइनल में यिवेन ने 448 . 2 अंक जुटाए। दूसरी तरफ महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में इटली की एलेसिया ने स्पेन की फातिमा गालवेज को शूट आफ में 2-1 से हराकर खिताब जीता। फाइनल में 50 में से 41 अंक जुटाकर दोनों संयुक्त शीर्ष पर थी। लेबनान की बासिल रे ने 40 शाट के बाहर होने से पहले 32 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में अब जब एक दिन और तीन फाइनल बाकी हैं तब चीन दो स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक के साथ शीर्ष पर बरकरार है। इटली की टीम दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक के साथ चौथे स्थान पर चल रहा है।

Advertising