एफआईएच अध्यक्ष पद की दौड़ में बत्रा शामिल

punjabkesari.in Friday, Sep 09, 2016 - 03:04 PM (IST)

लुसाने: अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ(एफआईएच) ने अपने कार्यकारी बोर्ड सदस्यों के चुनाव के लिये उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है जिसमें भारतीय हॉकी संघ के प्रमुख नरिन्दर बत्रा भी वैश्विक संस्था के अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं।  
 
नवंबर में होने वाली हॉकी रेवोल्यूशन पार्ट टू कांग्रेस में एफआईएच कार्यकारी बोर्ड सदस्यों के चुनाव होंगे। कार्यकारी बोर्ड के 5 पदों पर दुबई में 12 नवंबर को मतदान होगा। इसमें एफआईएच के अध्यक्ष का चुनाव भी शामिल है। मौजूदा प्रमुख लियांद्रो नेग्रे पिछले 8 वर्ष से इस पद को संभाल रहे हैं जिनका कार्यकाल अब समाप्त हो रहा है।  
 
एफआईएच ने बताया कि राष्ट्रीय हॉकी संघों की तरफ से 3 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है जिनमें आस्ट्रेलिया के केन रीड, भारत के नरिन्दर बत्रा और आयरलैंड के डेविड बालबिर्नी शामिल हैं। कार्यकारी बोर्ड के सदस्यों के लिये कनाडा से मैरी सिसनेली, इंगलैंड से सू कैटन पुन: चुनाव में उतरेंगी जबकि हालैंड के जान एलबर्स और पाकिस्तान के कासिम जिया दोबारा से अपने पदों के लिए चुनाव में नहीं उतर रहे हैं।  कांग्रेस में एफआईएच कार्यकारी बोर्ड के लिए‘आर्डिनरी मेंबर्स’के चार पदों पर चुनाव होगा। बोर्ड में मौजूदा पांच में से एक सदस्य बत्रा हैं जो इस बार अध्यक्ष पद के चुनाव के दावेदार हैं। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News