प्रो कबड्डी लीग में दिल्ली की मुबंई पर रोमांचक जीत

Monday, Aug 28, 2017 - 06:26 PM (IST)

मुंबई: ईरानी खिलाड़ी मेराज शेख के दमदार खेल की बदौलत दबंग दिल्ली ने अंतिम मिनटों के रोमांचक उतार चढ़ाव वाले मैच में यू मुंबा को 33-32 से हराते हुए वीवो प्रो कबड्डी लीग के पांचवें सत्र में तीसरी जीत दर्ज कर ली। दिल्ली ने इसी के साथ लीग मैचों में मुंबई के हाथों मिली हार का बदला भी चुका लिया। विवार रात को हुए दूसरे मुकाबले में दिल्ली ने मुंबई को एक अंक से मात दी। हालांकि इस जीत के बावजूद दिल्ली अपने ग्रुप ए में अंतिम स्थान पर बनी हुई है।

उसके आठ मैचों से 19 अंक हैं। मुंबई की स्थिति भी कुछ खास नहीं है और वह नौ मैचों से 19 अंक लेकर ही पांचवें स्थान पर बनी हुई है। मैच में मुंबई का आक्रमण दिल्ली के मुकाबले कहीं ज्यादा मजबूत था और उसने दिल्ली के 19 अंक के मुकाबले 26 अंक जुटाये।

हालांकि डिफेंस और आलआउट में दिल्ली ने बाजी मारी। दिल्ली ने आलआउट से चार और डिफेंस से 10 अंक बटोरे। दिल्ली के लिए मेराज शेख ने 11 अंक और अदुल फजल ने आठ जबकि मुंबई के लिए अनूप कुमार ने 11 अंक जुटाए।

Advertising