Euro Cup 2016: क्रोएशियाई ‘शार्क’ को चित करने उतरेगी रोनाल्डो सेना

punjabkesari.in Friday, Jun 24, 2016 - 01:33 PM (IST)

लेन्स : क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने यूरो 2016 में सही समय पर फार्म में लौटकर पुर्तगाल को शुरू में बाहर होने से बचाया लेकिन उन्हें अब कल अंतिम 16 में क्रोएशिया की दमदार टीम का सामना करना होगा जिसे पुर्तगाल के कोच फर्नांडो सांतोस ने ‘शार्क’ कहा है। रोनाल्डो ने हंगरी के खिलाफ 3-3 से ड्रा खेले गए रोमांचक मैच में दो गोल किए। इस तरह से वह चार यूरोपीय चैंपियनशिप में गोल करने वाले पहले फुटबालर बन गये हैं। इस परिणाम से पुर्तगाल ग्रुप एफ में आइसलैंड और हंगरी क बाद तीसरे स्थान पर रहकर प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहा।  

 
रीयाल मैड्रिड के यह स्ट्राइकर अभी कुछ और रिकार्ड बनाने की स्थिति में है। वह फ्रांस के दिग्गज माइकल प्लाटिनी के यूरोपीय चैंपियनशिप में 9 गोल की बराबरी करने से केवल एक गोल पीछे है।  रोनाल्डो ने हालांकि क्रोएशिया के खिलाफ पुर्तगाल को अंडरडॉग मानने से इन्कार कर दिया जिसने ग्रुप डी में दो बार के मौजूदा चैंपियन स्पेन को हराया था। 
 
रोनाल्डो ने कहा कि हमने अंतिम 16 में जगह बना ली है और हमारी टीम बहुत अच्छी है। मुकाबला बराबरी का है। क्रोएशिया मजबूत टीम है। उसके पास अच्छे खिलाड़ी हैं। हर कोई टीम स्पेन को नहीं हरा सकती है। हम उनका समान करते हैं लेकिन हम अपने मजबूत पक्षों को जानते हैं। क्रोएशिया शनिवार को होने वाले मुकाबले में अधिक मजबूत नजर आएगा क्योंकि इस मैच में रोनाल्डो के रीयाल मैड्रिड के साथी लुका मोडरिच भी वापसी करेंगे। वह चोटिल होने के कारण स्पेन के खिलाफ नहीं खेल पाए थे।  पुर्तगाल के कोच सांतोस ने कहा कि क्रोएशिया एक शार्क है जिससे हमें बचना होगा। वे उस ग्रुप में पहले स्थान पर रहे जिसमें स्पेन भी था और इससे सारी कहानी बयां हो जाती है।
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News