EURO CUP 2016: अल्बानिया को ग्रुप दौर के मैच में 2-0 से हराया

Friday, Jun 17, 2016 - 08:35 AM (IST)

पैरिस: बिल्कुल अंतिम क्षणों में किए 2 गोल की बदौलत मेजबान फ्रांस ने अल्बानिया को 2-0 से हराकर यूरो कप फुटबॉल टूर्नामैंट के अंतिम-16 के लिए क्वालीफाई कर लिया। दोनों टीमों ने बेहद ही रोमांचक मुकाबले में जबर्दस्त खेल का प्रदर्शन किया। एक समय लग रहा था कि फुल टाइम होने तक मुकाबला गोलरहित ही छूटेगा लेकिन तभी इंजरी टाइम में एंटोनी ग्रीजमैन और दिमित्री पाएट ने दनादन गोल कर मुकाबले को फ्रांस की झोली में डाल दिया। 
 
ग्रीजमैन ने 90वें मिनट में हैडर से गोल दाग फ्रांस को पहली सफलता दिला दी। इसके तुरंत बाद ही मैच के हीरो रहे दिमित्री ने अल्बानिया की रक्षापंक्ति को भेदते हुए दूसरा गोल कर दिया। पहले मुकाबले में रोमानिया को मात दे चुकी फ्रांस की टीम ने अपने पूरे अंक सुरक्षित करते हुए अंतिम 16 में प्रवेश कर लिया। अब फ्रांस का सामना स्विट्जरलैंड से होगा।  
 
इंगलैंड की वेल्स पर रोमांचक जीत
लेंस : डेनियल स्टुरिज के स्टोपेज टाइम में किए गए गोल की बदौलत इंगलैंड ने यूरो कप-2016 के रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर पहली जीत दर्ज की। इससे पहले इंगलैंड ने रूस के साथ 1-1 से ड्रा खेला था। गेर्थ बाले ने पहले हॉफ के 42वें मिनट में गोल कर वेल्स को 1-0 की बढ़त दिलाई लेकिन इंगलैंड ने दूसरे हॉफ में जेमी वार्डी के 56वें मिनट में किए गोल की बदौलत 1-1 से बराबरी कर ली। रोमांचक स्थिति में पहुंचे मैच में इंगलैंड के लिए डेनियल स्ट्ररेज ने 92वें मिनट में गोल कर टीम को जीत दिला दी। इंगलैंड 2 मैचों के 4 अंकों के साथ बी ग्रुप में शीर्ष पर बना हुआ है जबकि वेल्स इतने ही मैचों के बाद 3 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। 
 
उत्तरी आयरलैंड ने यूक्रेन को हराया
लियोन (फ्रांस) : गैरेथ मैक्एयूली और जोश मैगनिस के किए गए गोलों की बदौलत उत्तरी आयरलैंड ने यूरो कप-2016 के ग्रुप-सी के मैच में यूक्रेन को 2-0 से हराकर पहली जीत दर्ज की। पहले हॉफ में दोनों टीमों के मध्य जबरदस्त संघर्ष देखने को मिली लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। 
 
मैच के 49वें मिनट में उत्तरी आयरलैंड के लिए गैरेथ मैक्एयूली ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। स्टोपेज टाइम (90+6 मिनट) में जोश मैगनिस ने दूसरा गोल कर टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। यूक्रेन ने मैच में वापसी के प्रयास किए लेकिन वह सफल नहीं हो सका। यूक्रेन की यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले उसे जर्मनी के हाथों पहले मैच में 2-0 की शिकस्त मिली थी। उत्तरी आयरलैंड को भी अपने पहले मैच में पोलैंड के हाथों पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था।
 
यूरो शुरू होने के बाद 323 गिरफ्तारियां
पैरिस : फ्रांस की पुलिस ने यूरो कप फुटबाल चैम्पियनशिप के शुरू होने के बाद से 323 गिरफ्तारियां की हैं और गृह मंत्रालय ने कहा कि यूरोप के इस फुटबाल टूर्नामैंट में ङ्क्षहसा जारी है। मंत्रालय ने इन गिरफ्तारियों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। 
Advertising