डेविस कप: फेरर से हारे मायनेनी, स्पेन को 2-0 की बढ़त

punjabkesari.in Saturday, Sep 17, 2016 - 08:20 AM (IST)

नई दिल्ली: रामकुमार रामनाथन ने अपने से कहीं बेहतरीन प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ चुनौतीपूर्ण प्रदर्शन किया लेकिन साकेत मायनेनी ने आसानी से घुटने टेक दिए जिससे भारत आज यहां मजबूत स्पेन के खिलाफ डेविस कप विश्व ग्रुप प्ले आफ मुकाबले के शुरूआती दिन दोनों एकल मैच गंवाकर 0 . 2 से पिछड़ गया।   
 
युवा भारतीय खिलाड़ी रामनाथन ने अपनी सीमाओं के बावजूद राफेल नडाल की जगह खेल रहे दुनिया के 26वें नंबर के खिलाड़ी फेलिसियानो लोपेज के खिलाफ दो घंटे 26 मिनट तक चले पहले मैच में 4-6 4-6 6-3 1-6 से मिली हार के बावजूद चुनौती पेश की। लेकिन मायनेनी दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी और 2013 फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले डेविड फेरर के खिलाफ 1-6 2-6 1-6 से आसानी से पराजित हो गए। यह मैच एक घंटा 27 मिनट तक चला।   भारत को इस मुकाबले में बने रहने के लिये कल 5 बार के विश्व चैम्पियन स्पेन के खिलाफ होने वाला युगल मैच जीतने की जरूरत है। यह देखना होगा कि लिएंडर पेस कल किसके साथ खेलते हैं।  
 
ड्रा के हिसाब से पेस और मायनेनी को फेलिसियानो और मार्क लोपेज के खिलाफ खेलने के लिये चुना गया था। अगर भारत युगल मैच जीत जाता है तो 43 वर्षीय पेस डेविस कप इतिहास के सबसे सफल युगल खिलाड़ी बन जाएंगे। वह इस समय 42 जीत से इटली के महान खिलाड़ी निकोला पिएट्रागेली के साथ बराबरी पर हैं जिनके नाम डेविस कप में सबसे ज्यादा एकल जीत (78) का रिकार्ड भी है। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News