विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में सुशील का इतिहास दोहराने की चुनौती

Friday, Aug 11, 2017 - 06:20 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय सीनियर कुश्ती टीम के सामने 21 से 26 अगस्त तक फ्रांस के पेरिस में होने वाली विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में दिग्गज पहलवान सुशील कुमार का इतिहास दोहराने की चुनौती रहेगी। भारत की 24 सदस्यीय टीम इस प्रतियोगिता में पुरुष फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन वर्ग तथा महिला वर्ग में अपनी दमदार चुनौती रखेगी।

भारत को प्रतियोगिता में रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक और विनेश फोगाट तथा पुरुषों में बजरंग, संदीप तोमर और प्रवीण राणा से उम्मीदें रहेंगी। भारतीय टीम चैंपियनशिप से पहले पेरिस में 18 अगस्त तक विशेष ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेगी। ट्रेनिंग कैंप के दौरान बजरंग और राहुल मान के बीच अंतिन चयन ट्रायल भी होगा और विजेता पहलवान 65 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में उतरेगा।  

भारत ने विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के इतिहास में एक स्वर्ण, दो रजत और आठ कांस्य सहित कुल 11 पदक जीते हैं। दो बार ओलंपिक में लगातार पदक जीतकर इतिहास बनाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी सुशील ने 2010 में रूस में हुई विश्व चैंपियनशिप में 66 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में रूस के एलन गोगायेव को हराकर स्वर्ण पदक जीता था जो विश्व चैंपियनशिप में अब तक भारत का एकमात्र स्वर्ण पदक है। 

Advertising