जूनियर विश्वकप हॉकी टूर्नामेंट: भारत ने कनाडा को 4-0 से हराया

Thursday, Dec 08, 2016 - 09:04 PM (IST)

लखनऊ: मेजबान भारत ने 15 साल बाद जूनियर विश्वकप हॉकी टूर्नामेंट में खिताब जीतने के अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए गुरुवार को पूल डी के मुकाबले में कनाडा को 4-0 से रौंद दिया। दिन के तीन अन्य मैचों में गत चैंपियन जर्मनी स्पेन को कड़े संघर्ष में पूल सी में 2-1 से और न्यूजीलैंड ने जापान को 1-0 से तथा पूल डी में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 4-2 से हराया।   

भारत ने कनाडा के खिलाफ मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन किया और जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। भारत को पहले गोल के लिए हालांकि 35वें मिनट तक इंतजार करना पड़ा। मनदीप सिंह ने 35 वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर गोल कर भारत का खाता खोला। भारत को 46वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला और हरमनप्रीत सिंह ने भारत की बढ़त 2-0 करने में कोई गलती नहीं की।   

वरूण कुमार ने 60वें मिनट में मिले पेनल्टी कार्नर पर भारत का तीसरा गोल दागा जबकि अजीत पांडे ने 66वें मिनट में मैदानी गोल कर स्कोर 4-0 पहुंचा दिया। अधिकतर भारतीय मूल के खिलाड़यिों के साथ खेल रही कनाडा की टीम भारत के सामने कोई खास चुनौती नहीं पेश कर सकी।  

Advertising