एथलेटिक्स,निशानेबाजी और टेनिस में ‘गोल्डन स्वीप’

Friday, Feb 12, 2016 - 12:42 PM (IST)

गुवाहाटी: भारत ने एथलेटिक्स, निशानेबाजी और टेनिस में ‘गोल्डन स्वीप’ करते हुए दक्षिण एशियाई खेलों के इतिहास में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर डाला। भारत ने इसके साथ ही सैग खेलों में 1000 स्वर्ण पदकों का आंकड़ा भी पार कर लिया।  
 
भारत ने 12 वें दक्षिण एशियाई खेलों में एथलेटिक्स मुकाबलों में गुरुवार को सभी सात स्वर्ण पदक जीत लिए। भारत ने इसके अलावा निशानेबाजी में सभी 5 स्वर्ण और टेनिस में भी सभी पांच स्वर्ण और पांचों रजत पदकों पर कब्जा कर लिया। भारत के इन खेलों में 136 स्वर्ण , 77 रजत और 20 कांस्य सहित कुल 233 पदक हो गए हैं। उसने 2006 में कोलंबो खेलों में 118 स्वर्ण , 59 रजत और 37 कांस्य पदक जीतने के अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को काफी पीछे छोड़ दिया।   
 
एथलेटिक्स में अजय कुमार (1500 मी), चित्रा पी यू (1500 मी) , रंजीत महेश्वरी (तिहरी कूद) , सुमन देवी (भाला फेंक महिला), ओमप्रकाश सिंह ( गोला फेंक पुरुष) , जोना मुर्मु ( 400 मी बाधा दौड़ महिला) और धरुन ए (400 मी बाधा दौड़ पुरुष) ने स्वर्ण जीते।  
Advertising