सरकार ने किया महिला हॉकी टीम का सम्मान

punjabkesari.in Friday, Nov 11, 2016 - 09:13 AM (IST)

नई दिल्ली: केंद्रीय खेल मंत्रालय ने चौथे एशियन चैंपियंस ट्राफी का खिताब जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को उसकी उपलब्धि के लिए गुरूवार को यहां मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में सम्मानित किया। दीपिका की कप्तानी वाली महिला टीम की सभी खिलाड़ियों और कोच नील हागुड को खेल मंत्री विजय गोयल और खेल सचिव राजीव यादव ने सम्मानित किया। इस मौके पर भारतीय पुरूष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान वीरेन रसकिन्हा भी मौजूद थे। इस महीने भारतीय महिला हॉकी टीम ने सिंगापुर में चीन को 2-1 से हराकर पहली बार एशियन चैंपियंस ट्राफी का खिताब अपने नाम किया था। इससे पहले वर्ष 2013 में महिला टीम चैंपियंस ट्राफी में जापान से हारकर उपविजेता रही थी। महिला टीम ने यह उपलब्धि पुरूष टीम के मलेशिया में पाकिस्तान को 3-2 से हराकर एशियन चैंपियंस ट्राफी का खिताब जीतने के बाद ही हासिल की है।  

महिला टीम की उपलब्धि के ठीक बाद हॉकी इंडिया(एचआई) ने प्रत्येक खिलाड़ी के लिए दो लाख रूपए के नगद ईनाम की घोषणा की थी। मुख्य कोच हागुड के लिए भी एचआई ने दो लाख रूपए के ईनाम की घोषणा की थी। इसके अलावा हॉकी इंडिया सपोर्ट स्टाफ को भी एक एक लाख रूपए का नगद ईनाम देगा। साथ ही टूर्नामैंट की सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहीं दीपिका को एक लाख रूपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। पहली बार एशियन चैंपियंस ट्राफी विजेता बनी टीम की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रशंसा की थी और सोशल मीडिया पर टीम को बधाई दी थी।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News