सानिया के खेल रत्न पर अडवानी ने भी उठाए सवाल

Thursday, Sep 03, 2015 - 09:44 AM (IST)

नई दिल्ली: देश के शीर्ष स्नूकर खिलाड़ी पंकज अडवानी ने टैनिस स्टार सानिया मिर्जा को सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजे जाने को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। 
 
रविवार को 6 रेड स्नूकर इन्विटेशन टूर्नामैंट जीतने वाले अडवानी ने कहा कि मेरा विश्वास है कि टीम स्पर्धाओं को कम महत्व दिया जाता है लेकिन सानिया को युगल में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी बनने पर खेल रत्न दे दिया जाता है जो कि सामूहिक प्रयास है।
 
3 बार के विश्व स्नूकर चैम्पियन अडवानी ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर मैं स्नूकर की बात करूं तो कई बार की राष्ट्रीय चैम्पियन और वर्ष 2013 के विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता विद्या पिल्लै ने भी अर्जुन पुरस्कार के लिए आवेदन किया था लेकिन उनकी उपलब्धियों को नजरअंदाज कर दिया गया। पुरस्कार के लिए लोगों का चयन करते या फिर नीतियां बनाते समय इतना भेदभाव क्यों किया जाता है।
Advertising