सानिया-शोएब को मिली डबल खुशी

Sunday, Aug 02, 2015 - 03:56 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और उनके क्रिकेटर पति पाकिस्तान के शोएब मलिक को एक ही दिन में दोहरी खुशी हासिल हुई।  विश्व की नंबर एक युगल खिलाड़ी सानिया के नाम की देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न के लिए सिफारिश किए जाने की खबर शनिवार को आने के कुछ घंटों बाद ही कोलंबो में उनके क्रिकेटर पति शोएब मलिक को श्रीलंका के खिलाफ ट्वंटी-20 सीरीज में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘ मैन ऑफ द सीरीज’ चुन लिया गया।  
 
 इस तरह एक ही दिन में सानिया और शोएब को दोहरी खुशी हासिल हो गयी। दिलचस्प बात है कि ट्वंटी-20 सीरीज से पहले वनडे सीरीज के दौरान सानिया अपने पति का हौसला बढ़ाने श्रीलंका भी पहुंची थीं।  सानिया और शोएब के लिए वर्ष 2015 काफी भाग्यशाली रहा है। सानिया ने इस वर्ष युगल टेनिस रैकिंग में विश्व में नंबर एक पोजिशन हासिल की है और साथ ही उन्होंने स्विटरलैंड की मार्टिना हिंगिस के साथ विंबलडन में महिला युगल खिताब जीतकर इतिहास रचा था। सानिया ने पहली बार किसी ग्रैंडस्लेम में महिला युगल खिताब जीता। 
Advertising