HAPPY BIRTHDAY महेंद्र सिंह धोनी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2015 - 03:49 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल खिलाड़ी, सबसे सफल कप्तान और एक खूबसूरत बच्ची के पिता महेंद्र सिंह धोनी के पास लगभग सबकुछ है जो किसी व्यक्ति को जीवन के शीर्ष पर ले जाता है। इसी सफल और बेहद खुशहाल जिंदगी के साथ माही ने मंगलवार को अपने जीवन के 34 वर्ष पूरे कर लिए।  

7 जुलाई 1981 को रांची के मध्यवर्गीय परिवार में जन्मे धोनी मंगलवार को 34 वर्ष के हो गए। भारतीय कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी इसी वर्ष एक बच्ची के पिता बने हैं और वह इस खुशी को अपने जीवन का सबसे बड़ा उपहार मानते हैं।  

18 वर्ष की आयु में धोनी ने 1999-2000 में बिहार रणजी ट्राफी से प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था 23 दिसंबर 2004 को बंगलादेश के खिलाफ वनडे में पदार्पण किया। उन्होंने इसके एक वर्ष बाद दिसंबर 2005 में चेन्नई में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया।  

वर्ष 2007 में राहुल द्रविड़ के बाद धोनी को वनडे की कप्तानी सौंपी गई और उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने श्रीलंका और न्यूजीलैंड में द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती। धोनी को भारत का सर्वश्रेष्ठ और सबसे सफल कप्तान कहा जाता है। उनके नेतृत्व में टीम ने 2007 आईसीसी ट्वंटी 20 विश्वकप का खिताब जीता और उसके बाद आईसीसी के सभी टूर्नामेंटों में धोनी ने भारत को खिताब दिलवाए। 

सफलता के शिखर पर लगातार बढ़ते चले गए भारतीय कप्तान ने वर्ष 2010 में भारत को एशिया कप, 2011 में आईसीसी विश्वकप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्राफी का खिताब दिलवाया। वह पहले कप्तान हैं जिनके नेतृत्व में टीम ने आईसीसी के सभी खिताब जीते और उनके नेतृत्व में भारत टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक पर भी पहुंचा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News