चंद्रकांत बने मुंबई की रणजी टीम के कोच

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2015 - 10:55 AM (IST)

मुंबई: भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर चंद्रकांत पंडित को एक बार फिर मुंबई की रणजी टीम का कोच नियुक्त किया गया है। टीम इंडिया के कप्तान और महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) के उपाध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर की अगुवाई वाली एमसीए की क्रिकेट सुधर समिति ने चंद्रकांत को अगले 2 वर्ष के लिए मुंबई रणजी टीम का कोच और मिलिंद रेगे को सीनियर चयन समिति का अध्यक्ष बनाने का फैसला किया। चंद्रकांत को बांद्रा कुर्ला परिसर (बीकेसी) में एमसीए की इंडोर अकादमी का मुख्य कोच भी बनाया गया है। वह प्रवीण आमरे के बाद अपना पदभार संभालेंगे। 

 
मुंबई टीम के पूर्व कप्तान रहे रेगे 4 सदस्यीय सीनियर चयन पैनल की अगुवाई करेंगे जिसमें भारत के बायें हाथ के पूर्व गेंदबाज करसन घावरी, मुंबई के बायें हाथ के पूर्व स्पिनर रवि ठाकर और पूर्व बल्लेबाज निशित शेट्टी भी शामिल हैं। रंजन बेनदूर, रमेश वाजगे और राजेश सुतार को क्रमश: अंडर 19, 16 और 14 आयु वर्ग की चयन समिति का प्रमुख बनाया गया है जबकि तृप्ति भट्टाचार्य महिला चयन पैनल की प्रमुख होंगी।  
 
चंद्रकांत वर्ष 2002 से 2005 तक भी मुंबई के कोच रह चुके हैं और इस दौरान उनकी टीम 2 बार रणजी खिताब जीतने में कामयाब रही थी। इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘‘बहुत अच्छा लगता है जब आप किसी भी टीम में वापसी करते हैं। मैं मुंबई की तरफ से खेला भी हूं और इसका कोच भी रहा हूं। यह मेरी एक नई पारी होगी। मैं एमसीए, दिलीप जी और सीआईसी का धन्यवाद देता हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया।’’ 
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News