संगाकारा बने सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर, कपिल देव को लाइफ टाइम पुरस्कार

Monday, May 25, 2015 - 11:41 PM (IST)

मुंबई. श्रीलंका के पूर्व कप्तान और विश्व कप में रिकार्ड चार शतक लगाने वाले कुमार संगकारा को सिएट इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, जबकि पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया। सिएट क्रिकेट रेटिंग ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाडिय़ों को सोमवार को एक समारोह में सम्मानित किया। खिलाडिय़ों को वर्ष 2014-2015 में उनके प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।
 
इस पुरस्कार समारोह में टेस्ट, वनडे व टी-20 को शामिल किया गया।  संगकारा को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का पुरस्कार मिला, जबकि अजिंक्या रहाणे को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ भारतीय खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव को अंतरराष्ट्रीय लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से समानित किया गया। भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा को श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में 264 रन की विश्व रिकार्ड पारी खेलने के लिए सिएट विशेष पुरस्कार दिया गया।
 
दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, श्रीलंका के लेफ्ट आर्म स्पेनर रंगना हेरात को सर्वश्रेष्ठ  गेंदबाज और वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो को सर्वश्रेष्ठ टी-20 खिलाड़ी का पुरस्कार मिला।  वेस्ट इंडीज के कीरोन पोलार्ड को पापुलर च्वायस पुरस्कार से समानित किया गया। तेज गेंदबाज आर विनय कुमार को सर्वश्रेष्ठ घरेलू क्रिकेटर और दीपक हुड्डा को वर्ष के युवा खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। 
 
Advertising