गेल या डिविलियर्स के बारे में धोनी ने दिया ये बयान..

Wednesday, Mar 04, 2015 - 12:21 PM (IST)

पर्थ: वैस्टइंडीज के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले विश्व कप मुकाबले की तैयारी कर रही गत चैम्पियन टीम भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि जब एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल जैसी क्षमता वाले बल्लेबाज लय में होते हैं तो गेंदबाज या कप्तान अधिक कुछ नहीं कर सकते। 
 
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डिविलियर्स और वैस्टइंडीज के गेल ऐसे दो खिलाड़ी हैं जिन्होंने धोनी की चिंता बढ़ाई है और उन्हें इनके लिए रणनीति बनानी पड़ रही है।  दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत डिविलियर्स को तो रोकने में कामयाब रहा था लेकिन शुक्रवार को धोनी और उनकी टीम को जमैका के आक्रमक बल्लेबाज गेल को जिंबाम्वे के खिलाफ वाले प्रदर्शन को दोहराने से रोकना होगा। गेल ने कैनबरा में जिंबाम्वे के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा था। 
 
धोनी से जब गेल, डिविलियर्स और ब्रैंडन मैकुलम जैसे खिलाड़ियों के खिलाफ योजना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इनके खिलाफ सर्वश्रेष्ठ योजना यही है कि कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो अगर कोई खिलाड़ी छक्के जड़ रहा है तो आप इस बारे में अधिक कुछ नहीं कर सकते क्योंकि आप इसके लिए क्षेत्ररक्षण नहीं सजा सकते। अगर वे शार्ट पिच गेंदों को मारने लगे तो अधिकांश समय आप शार्ट पिच गेंद फेंकने की जंग में हार जाओगे। आप अधिक कुछ नहीं कर सकते।
Advertising