दुनिया के महान खिलाड़ी ने बनाया एक और रिकार्ड

Thursday, Jul 13, 2017 - 08:17 PM (IST)

लंदन: टेनिस की दुनिया के महान खिलाडिय़ो में शुमार स्विटजरलैंड के दिग्गज रोजर फेडरर ने ऑल इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर अलेक्सांद्र डोल्गोपोलोव के खिलाफ मुकाबले में जैसे ही अपने करियर का 10,000वां एस लगाया, वह ऐसा करने वाले तीसरे टेनिस खिलाड़ी बन गए और उन्होंने इस गेंद को पकडऩे वाले बॉल ब्वाय हैरिस खान से यह गेंद मांग ली। 

इस वर्ष गजब की फार्म में चल रहे फेडरर ने पहले राउंड का यह मुकाबला अपने नाम किया था। वह अब तक सेमीफाइनल तक का सफर पूरा कर चुके हैं। डोल्गोपोलोव जिस समय मैच से हटे थे फेडरर पहला सेट 6-3 से जीतने के बाद दूसरे में 3-0 से आगे थे। लगातार 15वीं बार इस टूर्नामेंट में खेल रहे फेडरर ने 10 एस लगाए और वह सर्वाधिक एस लगाने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए। उनके नाम 10,004 ऐस हो गए हैं। इस मामले में इवो कार्लोविच (12,018) पहले और गोरान इवानिसेविच (10,331) दूसरे नंबर पर हैं।

विंबलडन फेसबुक पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में दिखाया गया कि फेडरर ने जैसे ही 10000 वां एस लगाया, हैरिस गेंद लेकर दौड़ पड़े। जब संवाददाता हैरिस से इस संदर्भ में बात कर रहे थे तो गेंद हैरिस के ही पास थी। फेडरर हैरिस के पास आए और उन्होंने उससे गेंद ले ली। फेडरर ने कहा कि यह गेंद चैरिटी के लिए नीलामी में रखी जाएगी। दोनों ने बाद में एक साथ संवाददाता से बात की।

 

Advertising