कुंबले के साथ विवाद पर कोहली ने तोड़ी चुप्पी

Saturday, Jun 03, 2017 - 07:02 PM (IST)

बर्मिंघम: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कोच अनिल कुंबले के साथ अपने मतभेदों की तमाम चर्चाओं को दरकिनार करते हुए शनिवार को कहा कि यह सिर्फ अटकलबाजियां हैं और कुंबले के साथ उनका किसी भी तरह का कोई मतभेद नहीं है।  विराट ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी चैंपियंस ट्राफी मुकाबले की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में स्पष्ट रूप से कहा  कि काफी अटकलें चल रहीं थीं। 

हमारे बीच कोई परेशानी नहीं
काफी कुछ लिखा भी गया लेकिन जो लोग लिख रहे थे वे हमारे ड्रेसिंग रूम का हिस्सा नहीं थे। बिना कुछ जाने ही लिख देना सिर्फ अटकलें हैं। मेरे और कुंबले के बीच कोई परेशानी नहीं है। कुछ लोगों ने बिना मतलब को इस मुद्दे को हवा दे रखी है। हमारे बीच वाकई कोई दिक्कत नहीं है। भारतीय कप्तान ने साथ ही कहा कि कोच के लिये एक प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है जो पिछली बार भी की गयी थी। वही सब कुछ 12 महीने बाद फिर हो रहा है तो इसमें परेशानी क्या है। हमारे बीच कोई मुद्दा नहीं है। 

हमारा ध्यान खेल पर
कोहली ने कहा कि दरअसल कुछ लोग मसाला ढूंढना चाहते हैं और इसी कोशिश में वे मंडराते रहते हैं कि कुछ मिल जाये और विवाद बनाया जा सके। विराट ने बड़े ही शांत अंदाज में कहा कि यह उनका प्रोफेशन है। हमारा प्रोफेशन हमारे खेल पर ध्यान केन्द्रित करना है और हमारा पूरा ध्यान चैंपियंस ट्राफी पर लगा हुआ है। हम इसके सिवाय कुछ भी नहीं सोच रहे हैं।
 

Advertising