भारतीय खिलाड़ियों ने अंडर 17 विश्व कप के लिए अमरजीत को चुना कप्तान

Tuesday, Sep 19, 2017 - 03:24 PM (IST)

पणजी:  मिडफील्डर अमरजीत सिंह को देश के छह शहरों में होने वाले आगामी फीफा अंडर 17 विश्व कप के लिए सर्वसम्मति से भारतीय टीम का कप्तान चुना गया है।  कोच लुई नोर्टन डि मातोस ने चार नामों का सुझाव दिया था और टीम में शामिल सभी 27 खिलाडिय़ों से कागज पर कप्तान के लिए अपनी पसंद लिखने को कहा था। पहले नाम को 5 अंक, दूसरी पसंद को 3 अंक जबकि अंतिम पसंद को एक अंक दिया जाना था।  

खिलाडिय़ों ने सर्वसम्मति से अमरजीत को फीफा अंडर 17 विश्व कप में कप्तान बनाने के लिए वोट दिया। टूर्नामेंट की शुरुआत 6 अक्तूबर को नई दिल्ली में होगी।  वोटिंग में दूसरे स्थान पर रहे जितेंद्र सिंह उप कप्तान होंगे।  पिछले साल एएफसी अंडर 16 चैंपियनशिप में भारतीय टीम की अगुआई करने वाले सुरेश सिंह वोटिंग में तीसरे स्थान पर रहे।  एआईएफएफ अधिकारी ने बताया कि डिफेंडर संजीव स्टालिन को चौथा स्थान मिला।  

मणिपुर में पैदा हुए अमरजीत को उनके अंकल ने खेल से जोड़ा और वह जल्द ही चंडीगढ़ फुटबाल अकादमी पहुंच गए।  चयनकर्ता जब अंडर 17 विश्व कप में भारत के प्रतिनिधित्व के लिए खिलाडिय़ों की तलाश कर रहे थे तो अमरजीत को ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया और उन्होंने सबको आर्किषत किया। 

Advertising