ममता व शालिनी का नैशनल थ्रो बाल टीम में चयन

Monday, Aug 03, 2015 - 12:58 AM (IST)

सोनीपत (विकास): बैंगलोर में होने वाली इंटरनैशनल सीनियर पैंटागुलर थ्रो बाल चैम्पियनशिप में शहर के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में पढ़ाई कर चुकी ममता चौहान का चयन हुआ है। थ्रो बॉल विश्वकप में गोल्ड मैडल जीतकर ममता चौहान व शालिनी शर्मा 7 अगस्त से होने वाली प्रतियोगिता में इंडिया का प्रतिनिधित्व करेंगी। मूल रूप से पानीपत की रहने वाली दोनों खिलाड़ी बैंगलोर में आयोजित टीम कैम्प में प्रतियोगिता के लिए अभ्यास कर रही हैं। गौरतलब है कि इंटरनैशनल सीनियर पैंटागुलर थ्रो बॉल चैम्पियनशिप में पाकिस्तान, श्रीलंका, नेपाल, बंगलादेश, भारत सहित 8 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का समापन 9 अगस्त को होगा।
 
मूलरूप से पानीपत की रहने वाली ममता चौहान ने सोनीपत में पढ़ाई करते वक्त ही जहां जिला स्तरीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपना जौहर दिखाया था वहीं बाद में ममता ने एशियाड में सिल्वर तो मिस्र में हुए विश्वकप में गोल्ड जीतकर देश का नाम रोशन किया था। ममता चौहान मौजूदा समय में सिंगापुर में एक निजी कम्पनी में नौकरी कर रही है। वहीं शालिनी शर्मा ने भी थ्रो बॉल की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपने हुनर से लोगों को प्रभावित किया है। यही कारण है कि दोनों खिलाड़ी अब इंडिया टीम में सीनियर चैम्पियनशिप के लिए चयनित हुई हैं।
 
अपने चयन पर खुशी जताते हुए ममता चौहान ने बताया कि देश के लिए खेलना गर्व की बात है। प्रतियोगिता में श्रीलंका की टीम इंडिया को टक्कर दे सकती है परंतु उनका लक्ष्य गोल्ड मैडल जीतना है। इसके लिए पिछले कई दिनों से कैम्प में कड़ा अभ्यास किया जा रहा है।
Advertising