सरकार के तोहफे का बहनों ने खूब उठाया लाभ

Sunday, Aug 30, 2015 - 12:40 AM (IST)

सिरसा (माहेश्वरी): रक्षाबंधन पर प्रदेश सरकार द्वारा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा के तोहफे का महिलाओं ने खूब लाभ उठाया। सिरसा डिपो की सभी 184 बसें ऑन रूट रहीं। यात्रियों की सुविधा के लिए डिपो प्रबंधन द्वारा 7 अतिरिक्त बसें चलाई गई। सिरसा डिपो की 149 व सब-डिपो डबवाली की 35 बसें अपने निर्धारित रूटों पर रवाना की गई। 28 अगस्त को दोपहर 12 बजे से महिलाओं के लिए सरकारी बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा शुरू हो गई थी। महिलाओं के साथ 15 वर्ष तक के बच्चों को मुफ्त ले जाने की छूट थी। बीते दोपहर से ही बस अड्डे में महिलाओं का पहुंचना शुरू हो गया। शनिवार सुबह बस अड्डे में महिलाओं की काफी भीड़ रही।
 
अनेक बहनें जहां प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अपने भाइयों को स्नेह की डोर बांधने पहुंची, वहीं काफी संख्या में बहनें जिला में रह रहे अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने आईं। बसों में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, छीना-झपटी आदि अप्रिय घटनाओं पर अकुंश लगाने के लिए डिपो प्रबंधन अलर्ट था।
 
डिपो महाप्रबंधक सुरेश कसवां ने बताया कि डिपो के इंस्पैक्टर, सब-इंस्पैक्टर के अलावा अन्य कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी कि महिलाओं को किसी प्रकार की दिक्कत दरपेश न आए। सरकार द्वारा शनिवार रात 12 बजे तक महिलाओं को रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा की छूट दी गई थी। जिला भर से सैंकड़ों की संख्या में महिलाओं ने इस तोहफे का लाभ उठाया। 
Advertising