दबंगों ने दलित महिला के घर में घुसकर की अश्लील हरकत

Saturday, Aug 22, 2015 - 12:15 AM (IST)

ऐलनाबाद(चौहान): किशनपुरा गांव की एक दलित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में गांव के 4 दबंगों के खिलाफ घर में घुसकर अश्लील हरकतें करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव की दलित महिला ने बताया कि गांव के 2 लोग पिछले काफी दिनों से उसे परेशान कर रहे हैं।
 
वह गांव में जहां भी जाती है वे उसके पीछे-पीछे हो जाते हैं तथा छेडख़ानी करते हैं। दोनों कई बार उससे गाली-गलौच कर चुके हैं। पीड़िता ने बताया कि गत 18 अगस्त की रात्रि को वह अपने परिवार के सदस्यों के बीच घर में सो रही थी। 
उसी समय 4 लोग उसके घर में घुस गए और आते ही उसके साथ छेडख़ानी करने लगे। जब उसने शोर मचाया तो परिवार के अन्य सदस्य भी उठ गए। पीड़िता के अनुसार चारों लोग उसके साथ गाली-गलौच व मारपीट करने लगे। वे लोग वहां पड़ी ईंटें उठाकर फैंकने लगे जो कि घर के सदस्यों को लगी और उन्हें चोटें भी आईं। चारों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी तथा वहां से फरार हो गए। 
 
पीड़िता ने उसे व परिवार को जान माल का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कारवाई किए जाने की मांग की है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी जयदेव ने बताया कि इनका पहले भी आपस में लड़ाई झगड़ा हुआ था जिसमें कुछ लोग अस्पताल में भर्ती हैं। उनके पास पीड़िता से छेड़छाड़ वाली शिकायत आई है। अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। 
Advertising