बंदरों के आतंक से आम जन परेशान

punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2015 - 12:49 AM (IST)

महेन्द्रगढ़  (मोहन/परमजीत): महेन्द्रगढ़ शहर में बन्दरों के उत्पात से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासी सवाई सिंह, रामचन्द्र, ईश्वर, राजेन्द्र व अन्य लोगों ने बताया कि बन्दरों का सबसे अधिक उत्पात मोहल्ला पड़ाव, शनि मन्दिर, जवाहर नगर, टैलीफोन एक्सचेंज, मोदाश्रम रोड व रेलवे रोड पर नई बस्ती में बन्दरों का भारी संख्या में जमावड़ा रहता है। बन्दरों के उत्पात के कारण लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। 
 
मोहल्लावासियों का कहना है कि छतों पर सुखाए गए कपड़ों को फाड़ देते हैं। घरों में रखे फ्रिज से सामान नहीं छोड़ते। बन्दरों से छुटकारा पाने को लेकर कई बार नगरपालिका प्रशासन को अवगत करवा चुके हैं लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। बन्दरों का उत्पात बाजार में भी देखा जा रहा है। जब कोई व्यक्ति सामान की थैली लेकर जा रहा होता है तो ये बन्दर थैली छीन लेते हैं। कई बार बन्दरों के झुंड के झुंड किसी मकान की छत पर पहुंच जाते हैं और जब उन्हें भगाया जाता है तब वह काट खाते हैं।
 
 मोहल्ला पड़ाव में पिछले दिनों 3-4 महिलाओं को बंदर काट चुके हैं और बुधवार को भी 1 सफाई कर्मचारी कृष्ण कुमार जो एक न्यायाधीश की कोठी पर कार्य करता है को बंदरों ने काट खाया। लोगों ने प्रशासन से फिर मांग की है कि बंदरों के उत्पात से शहरवासियों को मुक्ति दिलाई जाए। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News