जिंदगी में करें कुछ बदलाव, चमकेगा भाग्य मिलेगी सफलता

Wednesday, Nov 25, 2015 - 11:43 AM (IST)

एक बार की बात है किसी राज्य में एक राजा था जिसकी केवल एक टांग और एक आंख थी। उस राज्य में सभी लोग खुशहाल थे क्योंकि राजा बहुत बुद्धिमान और प्रतापी था।

एक बार राजा के मन में विचार आया कि क्यों न खुद की एक तस्वीर बनवाई जाए। फिर क्या था, देश-विदेशों से चित्रकारों को बुलवाया गया और एक से एक बड़े चित्रकार राजा के दरबार में आए। राजा ने उन सभी से हाथ जोड़कर आग्रह किया कि वह उसकी एक बहुत सुंदर तस्वीर बनाएं जो राजमहल में लगाई जाएगी। सारे चित्रकार सोचने लगे कि राजा तो पहले से ही विकलांग है, फिर उसकी तस्वीर को बहुत सुंदर कैसे बनाया जा सकता है, यह तो संभव ही नहीं है और अगर तस्वीर सुंदर नहीं बनी तो राजा गुस्सा होकर दंड देगा। यही सोचकर सारे चित्रकारों ने राजा की तस्वीर बनाने से मना कर दिया। तभी पीछे से एक चित्रकार ने अपना हाथ खड़ा किया और बोला कि मैं आपकी बहुत सुंदर तस्वीर बनाऊंगा जो आपको जरूर पसंद आएगी।

फिर चित्रकार जल्दी से राजा की आज्ञा लेकर तस्वीर बनाने में जुट गया। काफी देर बाद उसने एक तस्वीर तैयार की जिसे देखकर राजा बहुत प्रसन्न हुआ और सारे चित्रकारों ने अपने दांतों तले उंगली दबा ली। उस चित्रकार ने एक ऐसी तस्वीर बनाई जिसमें राजा एक टांग को मोड़कर जमीन पर बैठा है और एक आंख बंद करके अपने शिकार पर निशाना लगा रहा है। राजा यह देखकर बहुत प्रसन्न हुआ कि उस चित्रकार ने राजा की कमजोरियों को छिपा कर कितनी चतुराई से एक सुंदर तस्वीर बनाई है। राजा ने उसे खूब ईनाम दिया।

तो मित्रो क्यों न हम भी दूसरों की कमियों को छुपाएं, उन्हें नजरअंदाज करें और अच्छाइयों पर ध्यान दें। आजकल देखा जाता है कि लोग एक-दूसरे की कमियां बहुत जल्दी ढूंढ लेते हैं चाहे हममें खुद में कितनी भी बुराइयां हों लेकिन हम हमेशा दूसरों की बुराइयों पर ही ध्यान देते हैं कि अमुक व्यक्ति ऐसा है, वैसा है। 

सोचिए अगर हम भी उस चित्रकार की तरह दूसरों की कमियों पर पर्दा डालें, उन्हें नजरअंदाज करें तो धीरे-धीरे सारी दुनिया से बुराइयां ही खत्म हो जाएंगी और रह जाएंगी सिर्फ अच्छाइयां। इस कहानी से यह भी शिक्षा मिलती है कि कैसे हमें नकारात्मक परिस्थितियों में भी सकारात्मक सोचना चाहिए और किस तरह हमारी सकारात्मक सोच हमारी समस्याओं को हल करती है। 

Advertising