रिश्तों का कत्ल: रिटायर्ड फौजी की गला घोंटकर हत्या, पत्नी और उसके प्रेमी ने रची थी मौत की साजिश

punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 11:42 PM (IST)

कोटा: राजस्थान के कोटा शहर से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक मनोज कुमार शर्मा (45) भारतीय सेना से सेवानिवृत्त फौजी थे और वर्तमान में अजमेर विद्युत विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत थे।

शराब पार्टी के दौरान हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात आर के पुरम थाना क्षेत्र के अवनि रोड इलाके में बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात को हुई,। बताया जा रहा है कि मनोज की पत्नी दीपिका (40) के शहर के ही रहने वाले देवेश के साथ अवैध संबंध थे। वारदात वाली रात मनोज, देवेश और उसके दोस्त विष्णु ने एक साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान मनोज और देवेश के बीच हाथापाई शुरू हो गई, जिसके बाद देवेश और विष्णु ने कथित तौर पर दीपिका की मौजूदगी में मनोज का गला घोंटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

बच्चों को ऊपर की मंजिल पर भेजा, फिर दिया अंजाम
क्रूरता की हद देखिए कि वारदात के समय आरोपी पत्नी ने अपने 12 वर्षीय बेटी और 14 वर्षीय बेटे को ऊपर की मंजिल के कमरे में सोने के लिए भेज दिया था ताकि वे इस खौफनाक मंजर के गवाह न बनें। परिजनों का आरोप है कि मनोज और दीपिका के बीच पिछले कई वर्षों से संबंध तनावपूर्ण थे और दीपिका अक्सर मनोज के साथ मारपीट भी करती थी।

चुपचाप अंतिम संस्कार की तैयारी, पड़ोसियों ने खोला राज
हत्या के बाद आरोपी साक्ष्यों को मिटाने की फिराक में थे। वे शुक्रवार सुबह मनोज के माता-पिता को सूचना दिए बिना ही चुपचाप अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, पड़ोसियों को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर संदेह हुआ और उन्होंने तुरंत मनोज के परिजनों को सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही किशनगढ़ से कोटा पहुंचे परिजनों ने अंतिम संस्कार रुकवाया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
क्षेत्राधिकारी (सीआई) सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के शरीर पर गला घोंटने के निशान मिले हैं। पुलिस ने मनोज के पिता की शिकायत पर पत्नी दीपिका, उसके प्रेमी देवेश और दोस्त विष्णु के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी देवेश फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News