पायलट ने बस मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा

Friday, May 22, 2020 - 02:42 PM (IST)

जयपुर, 22 मई (भाषा) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने प्रवासी श्रमिकों को घर तक छोड़ने के लिए पार्टी द्वारा लगाई गयी बसों को अनुमति नहीं दिए जाने को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा और उस पर तुच्छ राजनीति करने का आरोप लगाया।


पायलट ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार का जो रवैया रहा, उसे पूरे देश व दुनिया ने देखा है। हम उसकी भर्त्सना करते हैं।’''

उन्होंने कहा, ‘‘इस समय सभी को एकजुटता के साथ लाखों करोड़ों मजदूरों की मदद का काम करना चाहिए था जिसकी पहल (कांग्रेस महासचिव) प्रियंका गांधी ने की लेकिन दुर्भाग्यवश उन्हें नकारा गया, उस पर राजनीति की गयी और हम पर आरोप लगाए गए।’’
उप मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने पहली देखा है कि सत्तापक्ष की ओर से विपक्ष पर ऐसा आरोप लगाया जा रहा है और आरोप क्या है.. लोगों की मदद करने का आरोप। लोगों की मदद करना मानवीयता का काम है। चुनाव में हम सब लोग जनता की सेवा के लिए राजनीति में आते हैं सिर्फ विधायक या सांसद बनने के लिए नहीं।’’

इसके साथ ही पायलट ने दावा किया कि कांग्रेस ने मजदूरों को उनके घर तक छोड़ने के लिए जो 1,000 बसें जुटाईं थीं, वे सरकारी बसें नहीं थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘ये सरकारी बसें नहीं थीं। उत्तर प्रदेश के बहुत सारे नेता जनता को भ्रमित कर रहे हैं। ये निजी तौर पर एआईसीसी व पीसीसी, प्रियंका गांधी व कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निजी स्तर पर इकट्ठी की थीं और उपलब्ध करवाया था।''’

पायलट ने कहा कि राज्य सरकारें हजारों बसें वैसे ही चला रही है लेकिन ये 1,032 बसें प्रदेश कांग्रेस कमेटी व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मिलकर जुटाई थीं। इसमें राज्य सरकार का कोई लेना-देना नहीं और यह रिकार्ड पर है।


उत्तर प्रदेश के प्रवासियों को उनके घर भेजने के लिये कांग्रेस द्वारा भेजी गई बसों को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रवेश नहीं दिये जाने पर पायलट ने कहा कि किसी की मदद लेने से कोई छोटा नहीं बन जाता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रवासी श्रमिकों के आवागमन के लिए कोई ठोस नीति अब तक पेश नहीं कर पाई है।


इस अवसर पर राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने उन बसों का ब्यौरा भी रखा।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising