राजस्थान में विवाह समारोह आयोजित, 51 दिव्यांग एवं निर्धन जोड़े बने हमसफर

Sunday, Sep 11, 2016 - 06:24 PM (IST)

उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर में नारायण सेवा संस्थान द्वारा आयोजित 27वें दिव्यांग एवं निर्धन विवाह समारोह में रविवार को 51 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे ,जिसमें एक मुस्लिम जोड़ा भी शामिल हैं। संस्थान के यहां बड़ी स्थित सेवा महातीर्थ में विशाल एवं आकर्षक मंच में 50 वेदियों पर जोड़ों ने वैदिक परंपरा से फेरे लिए जबकि मंदसौर निवासी मुस्लिम जोड़े शहजाद हुसैन-रूबीना बानू को काजी रहमत फराज, उदयपुर ने निकाह पढ़ाया।
 
ये सभी दिव्यांग देश के विभिन्न राज्यों से आए हुए थे। संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि संस्थान ने पिछले 26 विवाह समारोहों में 1151 दिव्यांगों एवं निर्धन जोड़ों की गृहस्थी बसाने की पहल की और आज वे सभी सुखी हैं। उन्होंने इस पुण्य कार्य में सहयोगी भामाशाहों एवं देश के विभिन्न भागों से कन्यादान एवं आशीर्वाद के लिए आए 1500 से अधिक अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
 
समारोह में 30 ऐसे दिव्यांगजन भी थे जिन्होंने दुर्घटनाओं में अपने हाथ अथवा पांव खो दिए थे। संस्थान की ओर से इन सभी के कृत्रिम हाथ-पैर नि:शुल्क लगाए गए। इनमें बिहार से आई पुष्पलता को दो पैर एवं एक हाथ लगाया गया।
Advertising