Rajasthan : कोटा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा, चार युवकों के डूबने की आशंका
punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 05:28 AM (IST)
कोटाः राजस्थान के कोटा शहर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान मंगलवार शाम चंबल नहर में नाव पलट जाने से चार लोगों के डूबने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में 80 फीट रोड स्थित स्टील ब्रिज के पास चंबल की दायीं मुख्य नहर में नाव पलटने से ये लोग डूब गए। उनकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। विज्ञान नगर के संजय नगर से छह लोग दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए नहर में नाव उतरे थे लेकिन बीच पानी में उनकी नाव पलट गई। हादसे में केशु, गोलू, सुरेश और राहुल के डूबने की जानकारी सामने आई है। वहीं माला कंवर और दीपक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे में नाव चलाने वाला भी बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर पीयूष समरिया और पुलिस अधीक्षक (शहर) तेजस्विनी गौतम मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ, नगर निगम की रेस्क्यू टीम और गोताखोर युवकों की तलाश में जुटे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर मौके पर पहुंचे और वह राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। घटनास्थल पर पहुंचने से पहले उन्होंने अधिकारियों को बचाव कार्य के निर्देश दिए।
