राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत की बड़ी बहन का निधन, लंबे समय से थीं बीमार

Wednesday, Mar 06, 2024 - 03:07 AM (IST)

जयपुरः राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बहन विमला देवी कच्छावा का मंगलवार को यहां निधन हो गया। वह करीब 93 वर्ष की थी। श्रीमती विमला देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ्य चल रही थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार विमला देवी का अंतिम संस्कार जोधपुर के रामबाग माली समाज के श्मशान गृह में होगा। 

गहलोत जोधपुर पहुंचकर अपनी बहन को अंतिम विदाई देंगे। वह बुधवार को जयपुर से विशेष विमान से सुबह आठ बजे रवाना होकर नौ बजे जोधपुर पहुचेंगे। उनके निधन पर गहलोत ने गहरा दुख जताते हुए कहा ‘‘बड़ी बहन  विमला देवी कच्छावा का हमारे बीच से जाना मेरे लिए हमेशा के लिए एक रिक्त स्थान छोड़ गया है जिसे कभी भरा नहीं जा सकेगा। बाईजी मेरे लिए मां के समान थीं। उनकी कमी मेरे जीवन में हमेशा खलती रहेगी। 

अपने 93 वर्ष के जीवन में उन्होंने सभी को बेहद स्नेह और आशीर्वाद दिया। मेरी प्रार्थना है कि ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान दें।'' उल्लेखनीय है कि गहलोत हमेशा अपनी बड़ी बहन से रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने जोधपुर आते थे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सी पी जोशी ने निधन पर शोक व्यक्त किया। 

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा ‘‘पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी की बहन विमला देवी जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति दें।'' 

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ‘एक्स' पर लिखा ‘‘राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी की बड़ी बहन विमला देवी जी के निधन का दु:खद समाचार मिला है, उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवारजनों को संबल प्रदान करे।'' 

पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने ‘एक्स' पर लिखा ‘‘पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी की बड़ी बहन विमला देवी जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। मेरी परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने का संबल प्रदान करें।'' 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सी पी जोशी ने ‘एक्स' पर लिखा, “प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी की बहन विमला देवी कच्छवाह के निधन का समाचार अत्यधिक दुखद है। मैं दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं एवं शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। 

Pardeep

Advertising