भ्रष्टाचार के आरोप में विजिलेंस ब्यूरो ने सिविल अस्पताल बठिंडा के कर्मचारी को किया गिरफ्तार

Tuesday, Jul 12, 2022 - 09:38 PM (IST)

चंडीगढ़ (रमनजीत सिंह) 

मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान द्वारा शुरू की गई भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के आधार पर विजिलेंस ब्यूरो ने मंगलवार को सिविल अस्पताल बठिंडा में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी वरिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर कई लोगों ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करके पैसे ऐंठने के आरोप लगाये थे।

पंजाब विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता के मुताबिक जिला बठिंडा के गांव बहादुरगढ़ झंडियां निवासी निर्गुण सरगुन ज्ञाता सिंह ने हेल्पलाइन पर आरोपी वरिंदर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। विजिलेंस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपी वरिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रवक्ता के मुताबिक आरोपी वीरिंदर सिंह ने शिकायतकर्ता निर्गुण सरगुन ज्ञाता सिंह से दो किश्तों में डेढ़-डेढ़ लाख रुपये (कुल 3 लाख रुपये) लिये थे। इसके अलावा गुरमेल सिंह पुत्र मिठू सिंह, मेहरजीत सिंह पुत्र अवतार सिंह, मनप्रीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह, तारा सिंह पुत्र बलवीर सिंह, जगदीप सिंह पुत्र बाबू सिंह आदि से भी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की गई और प्रत्येक व्यक्ति से 2.5 लाख रुपये बहादुरगढ़ झंडियां निवासी गुरलाल सिंह पुत्र तारा सिंह के जरिए हासिल किए गए। 

प्रवक्ता ने कहा कि इस संबंध में थाना विजिलेंस ब्यूरो बठिंडा रेंज में मामला आईपीसी की धारा 420 एवं भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 7 के तहत दर्ज कर लिया गया है।

Ramanjit Singh

Advertising