Gurdaspur में युवक के एनकाऊंटर पर वर्ल्ड सिख पार्लियामेंट ने लगाए ‘सरकारी दहशतगर्दी’ के आरोप
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 08:42 PM (IST)
पंजाब डैस्क : लंदन से जारी बयान में वर्ल्ड सिख पार्लियामेंट ने गुरदासपुर के गांव कोटली सूरत मल्ली में एक सिख युवक रणजीत सिंह की कथित फर्जी पुलिस मुठभेड़ में मौत की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। संगठन ने आरोप लगाया कि यह घटना दर्शाती है कि पंजाब में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
संगठन के पदाधिकारियों — कोऑर्डिनेटर भाई हिम्मत सिंह (अमेरिका), को-कोऑर्डिनेटर भाई गुरचरण सिंह (जर्मनी), मुख्य प्रवक्ता भाई जोगा सिंह, जनरल सेक्रेटरी भाई मनप्रीत सिंह (इंग्लैंड), भाई मनबीर सिंह (कनाडा), भाई प्रीतपाल सिंह (स्विट्जरलैंड), भाई जतिंदर सिंह, भाई सतनाम सिंह (फ्रांस) और हरजोत सिंह (हॉलैंड) — ने प्रेस के नाम जारी बयान में कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर आरोप हैं तो उसके खिलाफ अदालत में मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
बयान में कहा गया कि कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई होनी चाहिए और किसी भी तरह की मुठभेड़ की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। संगठन ने आरोप लगाया कि अतीत में भी मानवाधिकार उल्लंघन के मामले सामने आते रहे हैं और मौजूदा घटनाओं की स्वतंत्र एजेंसी से जांच होनी चाहिए।
वर्ल्ड सिख पार्लियामेंट ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे न्याय की मांग के लिए शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से अपनी आवाज उठाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी समुदाय के युवाओं के अधिकारों की रक्षा होना जरूरी है और कानून का पालन सभी पक्षों द्वारा किया जाना चाहिए।
