Chandigarh भाजपा कार्यालय पर धमाके की आतंकी गुट ने ली जिम्मेदारी, सामने आई पोस्ट से मचा हड़कंप
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 08:12 PM (IST)
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर हुए ग्रेनेड हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। इस घटना के बाद पंजाब व चंडीगढ़ में हलचल तेज हो गई है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
वहीं इस हमले को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें एक खालिस्तानी आतंकी गुट ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में लिखा गया है कि 1 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में हुए ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी सुखजिंदर सिंह बब्बर लेता है। साथ ही पोस्ट में भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करते हुए भारत के खिलाफ बयानबाजी भी की गई है।
हालांकि, इस वायरल पोस्ट की पंजाब केसरी पुष्टि नहीं करता। लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की सत्यता की जांच कर रही हैं और साइबर सेल को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि पोस्ट के स्रोत और इसके पीछे जुड़े लोगों का पता लगाया जा सके। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसियां भी इस मामले में सक्रिय हो गई हैं और राज्य पुलिस के साथ मिलकर जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या यह घटना किसी बड़े नेटवर्क या साजिश का हिस्सा है।
इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। भाजपा नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा है। वहीं, विपक्षी दलों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी पंजाब में कुछ राजनीतिक नेताओं को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं। अब चंडीगढ़ में हुए इस हमले ने हालात को और गंभीर बना दिया है।
