लुधियाना में सियासी तूफान ! सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने AAP विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 07:40 PM (IST)
साहनेवाल (जगरूप) : पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी की हलका लुधियाना दक्षिण से विधायक रजिंदरपाल कौर छीना की आलोचना करने, कथित भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने और गंभीर आरोप लगाने के चलते पुलिस केस का सामना कर रहे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनदीप सिंह दुग्गल ने अपना पक्ष रखते हुए विधायक पर कथित भ्रष्टाचार के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।
बातचीत करते हुए मनदीप सिंह दुग्गल ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में विधायक द्वारा किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को एक शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि इसी शिकायत को वापस लेने के लिए उनके खिलाफ झूठा पुलिस केस दर्ज कराया गया है।
दुग्गल ने कहा कि विधायक की योजना उन्हें गिरफ्तार करवाकर, प्रताड़ित कर जबरन हलफनामा लेकर ईडी को दी गई शिकायत वापस करवाने की है। लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी कीमत पर न तो झुकेंगे और न ही डरेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार बनने के बाद विधायक ने कई बेनामी संपत्तियां खरीदी हैं। साथ ही जस्पाल बंगर स्थित पाम इनक्लेव में 2000 वर्ग गज और कैनाल व्यू में 400 वर्ग गज के करोड़ों रुपये के कथित प्लॉट हैं। गांव जरखड़ के पास कोठियां बनाकर बेची जा रही हैं।
दुग्गल ने आगे कहा कि हलका दक्षिण में सबसे ज्यादा कथित भ्रष्टाचार हो रहा है और रजिस्ट्रियां, सबमर्सिबल बोर, तथा क्षेत्र में बनने वाली व्यावसायिक और रिहायशी इमारतों में मालिकों से कथित हिस्सेदारी ली जाती है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वे मीडिया के सामने सबूतों सहित सभी तथ्य पेश करेंगे।
मनदीप दुग्गल ने आरोप लगाया कि विधायक ने लाखों की तनख्वाह में चार वर्षों के दौरान करोड़ों रुपये की गाड़ियां और संपत्तियां कथित रूप से बनाई हैं। 500 वर्ग गज में बनी उनकी कोठी का बिजली बिल भी केवल 300–400 यूनिट तक आता है और मीटर एन-कोड वाला है, जिसकी रीडिंग तक नहीं ली जाती। साथ ही मुख्य कार्यालय का लाखों रुपये का बिजली बिल बकाया बताया गया है। अंत में मनदीप दुग्गल ने दोहराया कि वे ईडी को दी गई शिकायत वापस नहीं लेंगे और हलका दक्षिण में हो रहे कथित भ्रष्टाचार को सबूतों सहित उजागर करके ही रहेंगे।
