लुधियाना में दिन-दहाड़े लूट, 10 रुपए के बहाने कर दिया कांड, पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 09:17 AM (IST)

लुधियाना, (राज): शहर में बेखौफ लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिन-दहाड़े वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं कतरा रहे। ताज़ा मामला कश्मीर नगर की पुली के पास से सामने आया है, जहाँ ई-रिक्शा पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने एक रेहड़ी चालक को अपना शिकार बनाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी दीपक कुमार उर्फ दीपू है। जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

पीड़ित कुंवरपाल सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि बीती 9 फरवरी को वह अपनी रेहड़ी पर मक्की के दाने बेचकर घर की ओर लौट रहा था। जब वह श्मशान घाट के पास कश्मीर नगर की पुली पर पहुँचा, तो पीछे से एक ई-रिक्शा पर दो युवक आए। उन्होंने रेहड़ी रुकवाई और 10 रुपये के मक्की के दाने देने को कहा। जैसे ही पीड़ित दाने देने लगा, एक युवक ने पीछे से आकर उसकी दोनों बाहें मजबूती से पकड़ लीं ताकि वह हिल न सके।

इसी बीच दूसरे साथी ने उसके हाथ से रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन और जेब में रखी करीब 2500 रुपये की नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है और उसे भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News