Punjab: लाल सूटकेस मर्डर मिस्ट्री में बड़ा खुलासा, ‘काकू’ टैटू से हुई युवती की पहचान

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 05:15 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा): बीती 11 फरवरी को जिले के गांव बहमन दीवाना के समीप लाल रंग के सूटकेस में मिली युवती की लाश की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान मोगा जिले के बाघा पुराना की रहने वाली मल्लिका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मलिका पिछले काफी समय से बठिंडा में रह रही थी, लेकिन उसके परिवार का कोई भी सदस्य अब तक सामने नहीं आया है।

सूत्रों के अनुसार, मल्लिका बठिंडा में किसी दोस्त के साथ रह रही थी, लेकिन वह दोस्त कौन है और कहां रहता है, इस बारे में पुलिस को अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस के लिए यह दोस्त इस हत्याकांड की जांच में सबसे बड़ा सुराग माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सूटकेस को यहां कौन और कब फेंककर गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला प्रेम संबंध, आपसी विवाद या किसी रंजिश से तो जुड़ा नहीं है।

गौरतलब है कि गांव बहमन दीवाना के समीप एक खाली स्थान पर लाल रंग का सूटकेस मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। जब पुलिस ने सूटकेस खोला तो उसमें करीब 20 वर्षीय युवती की लाश मिली थी। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया यह अंदाजा लगाया गया था कि युवती की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर यहां फेंका गया है। युवती के शरीर पर ‘काकू’ नाम का टैटू भी बना हुआ था, जो पहचान का अहम सुराग बना। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने जरूरी सबूत जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News