क्यों राहुल गांधी के साथ नहीं मिलाया हाथ...मीडिया के सामने बिट्टू का गांधी परिवार पर हमला
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 04:03 PM (IST)
पंजाब डेस्क: केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर तीखा हमला बोला है। संसद के बाहर राहुल गांधी द्वारा उन्हें ‘गद्दार’ कहने और हाथ मिलाने की कोशिश करने के बाद बिट्टू ने मीडिया के सामने कांग्रेस परिवार को सिख समुदाय के खिलाफ हुई हिंसा और अपमान की घटनाओं का जिम्मेदार ठहराया।
मीडिया से बातचीत में बिट्टू ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पंजाब के गुरुद्वारों में आग लगाई गई और दरबार साहिब पर गोलियां चलाई गईं, जिसके लिए गांधी परिवार को जिम्मेदार माना जाना चाहिए। बिट्टू ने आगे कहा, “मैं ऐसे लोगों से हाथ नहीं मिलाता। वे देश के खिलाफ बोलते हैं और मुझे ‘गद्दार’ कहते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि उनका परिवार देश के लिए कई बलिदान दे चुका है, इसलिए वे किसी भी ऐसे व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार नहीं करेंगे जो देश और समुदाय का अपमान करता हो।
क्या है मामला
बता दें कि संसद के बाहर आज एक बार फिर राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के बीच तीखी बहस हो गई। यह विवाद उस समय हुआ जब राहुल गांधी संसद में कांग्रेस के सस्पेंड सांसदों का समर्थन करने पहुंचे थे। राहुल गांधी जैसे ही संसद परिसर में मौजूद थे, केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू उनके पास से गुजर रहे थे। इस दौरान राहुल ने बिट्टू की ओर हाथ बढ़ाकर कहा, “My traitor friend” (मेरे धोखेबाज दोस्त)। इसके जवाब में बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और राहुल गांधी को “देश का दुश्मन” कह दिया। राहुल गांधी ने भी पलट कर कहा, “Don’t worry, you will come back” (चिंता मत करो, तुम कांग्रेस में वापस आओगे)।
