Big Breaking: जेल में बंद मजीठिया से मुलाकात के बाद डेरा ब्यास प्रमुख का बड़ा बयान

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 02:03 PM (IST)

पंजाब डेस्क:   डेरा ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने नाभा जेल में बंद वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों का बयान सामने आया है, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

जेल से बाहर निकलने के बाद जब मीडिया ने उनसे मजीठिया से मिलने का कारण पूछा, तो डेरा प्रमुख ने कहा कि बिक्रम मजीठिया उनके दोस्त और रिश्तेदार हैं। उन्होंने सवालिया अंदाज़ में कहा कि अगर कोई अपना करीबी जेल में हो, तो क्या उसे मिलना नहीं चाहिए? इस दौरान जब पत्रकारों ने मजीठिया पर लगे ड्रग्स और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामलों को लेकर सवाल किए, तो बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने इन आरोपों को निराधार बताया।  उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार अपना काम कर रही है और वे सिर्फ पारिवारिक संबंधों के चलते मुलाकात करने आए हैं। इस दौरान बाबा गुरिंदर ढिल्लो ने यह भी कहा कि मुझे यह शोभा नहीं देता कि मैं अगर किसी के ऊपर कोई कमैंट करूं, सरकार अपनी जगह पर है और मेरी रिश्तेदारी है, जिसके चलते वह मुलाकात करने आए है। 

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने जेल में बिक्रम मजीठिया से मुलाकात की हो। इससे पहले भी वे उनसे मिलने नाभा जेल जा चुके हैं, लेकिन उस समय उन्होंने कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया था। इस बार दिया गया बयान सियासी तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News