पंजाब में आज से नहीं चलेंगी सरकारी बसें! सफर करने से पहले पढ़ें जरूरी Update

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 10:46 AM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब में सरकारी बसों से सफर करने वाले लोगों के लिए अहम खबर है। दरअसल, आज से पूरे पंजाब में सरकारी बसों का चक्का जाम किया गया है। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने ऐलान किया है कि आज दोपहर से शाम तक बसें बंद कर हड़ताल शुरू की जाएगी। इसके साथ ही 12 फरवरी को मुख्यमंत्री भगवंत मान की रिहायश के बाहर धरना दिया जाएगा।

यदि इसके बावजूद सरकार ने टाल-मटोल की नीति अपनाई तो तीखे संघर्षों का ऐलान किया जाएगा। जेलों में बंद साथियों की रिहाई और मानी हुई मांगें लागू होने तक संघर्ष जारी रहेगा। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने कहा कि पंजाब सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के बजाय पिछले 15–20 वर्षों से कॉन्ट्रैक्ट/आउटसोर्स पर काम कर रहे कर्मचारियों को नई दलदल में फंसा दिया है, जिसे स्पेशल कैडर पॉलिसी 2023 कहा जा रहा है। इसमें फंसे अध्यापकों द्वारा हाल ही में मोहाली में धरना भी दिया गया था।

कर्मचारियों की मुख्य मांगें
कच्चे कर्मचारियों को तुरंत पक्का करना।
वेतन में की गई कटौती को बहाल करना और समय पर वेतन देना।
पुरानी पेंशन योजना की बहाली।
विभाग में नई बसों की खेप शामिल करना।
आउटसोर्सिंग के जरिए की जा रही भर्ती पर तुरंत रोक लगाना।

यात्रियों के लिए सलाह
11 फरवरी को दोपहर बाद सरकारी बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहेगा। इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक इंतजाम पहले से कर लें या अपडेट देखने के बाद ही घर से निकलें, क्योंकि इस दिन यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News