बसों में सफर करने वालों को राहत, PM मोदी आज देंगे चंडीगढ़ वासियों को तोहफा
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 10:44 AM (IST)
चंडीगढ़ (मनप्रीत): चंडीगढ़ में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को मजबूत करने के लिए शनिवार से 25 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू होने जा रही हैं। इन बसों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुवाहाटी से वर्चुअली हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। 'पी.एम. ई-बस सेवा योजना' के तहत चंडीगढ़ को ये बसें मिली हैं, जिससे शहर में प्रदूषण रहित सफर की सुविधा और बढ़ेगी। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य प्रमुख रूटों पर हर 10 मिनट में बस उपलब्ध करवाना है। मौजूदा समय में कई रूटों पर बसों के आने-जाने के बीच 5 से 30 मिनट का अंतर है जिसे कम करने के लिए ये कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार द्वारा चंडीगढ़ के लिए कुल 100 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी गई है। इनमें से 25 बसों की खेप पहुंच चुकी है जबकि 25 और बसें फरवरी के आखिर तक और बाकी 50 बसें मार्च-अप्रैल तक मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि नवंबर 2025 में 15 साल पुरानी 85 डीजल बसों को सड़कों से हटा दिया गया था, जिस कारण पैदा हुई बसों की कमी को ये नई ई-बसें पूरा करेंगी। नई बसें मुख्य रूप से लोकल रूटों पर चलेंगी, जिससे ट्राइसिटी के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के अनुसार, मेट्रो प्रोजेक्ट पर आखिरी फैसला होने तक ट्रैफिक जाम को हल के लिए बस सेवा को मजबूत करना सबसे प्रैक्टिकल विकल्प है। यह नई बसें हाई-टेक सुविधाओं और दिव्यांगों के लिए खास तौर पर तैयार की गई हैं।
15 मीटर लंबी ये ए.सी. बसें एक बार फुल चार्ज होने पर 224 km तक की दूरी तय कर सकती हैं। बस में 36 सवारियों के बैठने और 20 के खड़े होने की कैपेसिटी है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टॉप के लिए पुश बटन और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं। बस में दिव्यांग यात्रियों के लिए ऑटोमैटिक रैंप की सुविधा है और लो-फ्लोर डिजाइन होने की वजह से इसकी फ्लोर हाइट सिर्फ 400 mm रखी गई है ताकि चढ़ने और उतरने में कोई दिक्कत न हो। शहर में लगभग 80 ई-बसें पहले से ही सफलतापूर्वक चल रही हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
